Sidhi news:छुहिया घाटी कांड का ₹30 हजार का इनामी आरोपी नासिक के कालिका माता मेले से गिरफ्तार

Share With Others

Sidhi news:धंधुका से सूरत और फिर नासिक तक पीछा कर सीधी पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा आरोपी, भागने का प्रयास विफल

छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस दल पर हमला कर पुलिस अभिरक्षा से बंदी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर ले जाने के मामले में सीधी पुलिस ने ₹30,000 के इनामी फरार आरोपी सचिन पटेल उर्फ छोटा संग्राम, निवासी कुइयाँ कला, थाना मनगवां, जिला रीवा को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार किया है।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के नेतृत्व में की गई।

धंधुका से नासिक तक लगातार पीछा, मेले के तीनों प्रवेश द्वारों पर घेराबंदी

छुहिया घाटी कांड में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने गुजरात के धंधुका में पतासाजी शुरू की। पूछताछ एवं मोबाइल लोकेशन संबंधी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की मौजूदगी पहले सूरत और फिर महाराष्ट्र के नासिक में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित कर आरोपी की तलाश तेज की।

नासिक के थाना मुंबई नाका क्षेत्र स्थित कालिका माता मेले में आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि होने पर पुलिस ने रणनीतिक तरीके से तीनों प्रवेश द्वारों पर घेराबंदी की। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

स्थानीय पुलिस के सहयोग से वैधानिक कार्यवाही, न्यायालय में पेश

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नासिक की स्थानीय पुलिस एवं पुलिस कंट्रोल रूम के सहयोग से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके पश्चात पुलिस टीम आरोपी को थाना रामपुर नैकिन लेकर आई और न्यायालय में प्रस्तुत किया।

गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक द्विवेदी, विकास सिंह एवं आरक्षक सतीश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पूछताछ में घटना में शामिल होना स्वीकार

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ उड़ीसा जाने तथा छुहिया घाटी में पुलिस दल पर हमले, वाहन में तोड़फोड़ और बंदी को छुड़ाकर ले जाने की घटना में शामिल होने की बात बताई। उसके कथनों का उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर परीक्षण किया जा रहा है।

प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीधी, रीवा एवं अन्य स्थानों पर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

थाना रामपुर नैकिन, अपराध क्रमांक 1000/2026, भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के अंतर्गत पंजीबद्ध।

Leave a Comment