Sidhi election:पंचायत उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) के तहत मंगलवार को सीधी जिले में सरपंच एवं जनपद सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुआ। मतदान प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कराया गया। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
जिले में जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत ग्राम पंचायत सेन्दुरा एवं जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत खोखरा में सरपंच पद के लिए तथा जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 01 एवं 19 में जनपद सदस्य पद के लिए मतदान हुआ।
दोपहर 3 बजे तक जिले के तीनों विकासखंडों में कुल 18,767 मतदाताओं में से 9,980 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल 53.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें पुरुषों का मतदान प्रतिशत 51.36 प्रतिशत तथा महिलाओं का मतदान प्रतिशत 55.12 प्रतिशत रहा। महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया।
विकासखंडवार मतदान की बात करें तो कुसमी में 67.26 प्रतिशत, सीधी में 65.56 प्रतिशत तथा रामपुर नैकिन में 50.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
कुसमी में कुल 1,628 मतदाताओं में 1,095 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 798 पुरुष मतदाताओं में से 487 तथा 830 महिला मतदाताओं में से 608 ने मतदान किया। रामपुर नैकिन में कुल 15,516 मतदाताओं में से 7,821 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 8,061 पुरुष मतदाताओं में से 3,991 तथा 7,454 महिला मतदाताओं में से 3,830 ने मतदान किया। सीधी में कुल 1,623 मतदाताओं में से 1,064 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 822 पुरुष मतदाताओं में से 494 तथा 801 महिला मतदाताओं में से 570 ने मतदान किया।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का सतत निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधाओं तथा निर्वाचन प्रक्रिया का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मतदान के दौरान सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। प्रशासन एवं पुलिस की सतर्कता के चलते जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
मतदान समाप्ति के पश्चात मतदान दलों द्वारा निर्वाचन सामग्री को संबंधित खंड मुख्यालयों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराया गया। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन एवं पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

