Sidhi news:सीधी संसदीय क्षेत्र के 363 गांवों में विद्युतीकरण के लिए राशि स्वीकृत, 14,085 घरों को मिलेगा लाभ

Share With Others

Sidhi news:सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के प्रयासों को मिली सफलता, RDSS योजना के तहत सीधी, सिंगरौली और ब्यौहारी विधानसभा के गांवों को मिलेगी बिजली सुविधा

सीधी लोकसभा क्षेत्र के बिजली से वंचित बसाहटों तक विद्युत सुविधा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के अनुसार, नवंबर 2025 से किए जा रहे प्रयासों के बाद केंद्र सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के माध्यम से संसदीय क्षेत्र के 363 गांवों की बस्तियों और मजरों में विद्युतीकरण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इससे कुल 14,085 प्रभावित घरों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

स्वीकृति के तहत सीधी जिले के 123 गांवों के 3,444 घर, सिंगरौली जिले के 188 गांवों के 8,628 घर और ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के 54 गांवों के 2,013 घर शामिल हैं। इस प्रकार तीनों क्षेत्रों को मिलाकर 363 गांवों और 14,085 घरों के विद्युतीकरण का रास्ता साफ हुआ है।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संसदीय क्षेत्र के ऐसे स्थानों तक बिजली पहुंचाने के लिए नवंबर 2025 से प्रयास किए जा रहे थे, जहां अब तक विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए गए प्रयासों को अब सफलता मिली है।

इस स्वीकृति के लिए सांसद ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल तथा ऊर्जा सचिव श्री पंकज अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने यह भी बताया कि 5 से 19 घरों वाली छोटी बस्तियों के विद्युतीकरण के लिए भी प्रयास जारी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन बस्तियों के लिए भी जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

इस पहल से सीधी लोकसभा क्षेत्र की बिजली से वंचित बस्तियों में विद्युत सुविधा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

Leave a Comment