Crime news: मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र स्थित अलहौवा गांव में सोमवार की देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ईद मिलादुन्नबी की सजावट कर रहे युवकों पर अचानक पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में मुख्य पीड़ित की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जबकि उसे बचाने की कोशिश में 3 अन्य लोग भी आग की चपेट में आकर झुलस गए हैं। सभी घायलों का इलाज रीवा के संजय गांधी अस्पताल में जारी है।
Crime news: अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम
मिलिजनकारी के अनुसार गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली नहीं होने के कारण अंधेरा छाया हुआ था। सोमवार शाम करीब 7 बजे पोर्च के नीचे बैठकर युवक त्योहार के लिए ट्राली सजा रहे थे और फूल-लाइटें लगा रहे थे। उसी समय गांव का ही रहने वाला आरोपी राम रईस जायसवाल हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर वहां पहुंचा। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, आरोपी ने अजहरूद्दीन उर्फ राजू पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

Crime news: बचाने दौड़े लोग भी आग की चपेट में आए
अजहरूद्दीन को आग की लपटों में घिरा देख पास खड़े मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अजहरूद्दीन का भाई अतीक अहमद उसे बचाने के लिए दौड़े। आग बुझाने के इस प्रयास में तीनों भी गंभीर रूप से झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को तुरंत रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां अजहरूद्दीन की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घायल मोहम्मद सद्दाम और अजहरूद्दीन के नाना सलीम बख्श ने बताया कि आरोपी से उनका किसी भी प्रकार का पुराना विवाद या रंजिश नहीं थी। अचानक किए गए इस हमले की वजह किसी की समझ में नहीं आ रही है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो पुलिस ने पहले बयान दर्ज कराने की बात कहकर रिपोर्ट लिखने में देरी की। फिलहाल, लौर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
