Mauganj news; कुल्फी के पैसे के विवाद में गर्वबती महिला के साथ अभद्रता व मारपीट

Share With Others

Mauganj News: मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवराजपुर गांव में कुल्फी के पैसे मांगने को लेकर उपजे विवाद ने तूल पकड़ लिया। गांव के दबंगों ने एक गर्भवती महिला के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों द्वारा पेट पर लात मारे जाने के कारण देर रात उसका तीन माह का गर्भपात हो गया। हालत गंभीर होने पर महिला को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवराजपुर निवासी साधना साकेत (25 वर्ष) के जेठ श्रीनिवास साकेत शुक्रवार की दोपहर खाना खाने घर गए थे। इस दौरान साधना दुकान पर कुल्फी बेच रही थी। तभी गांव का राजेश साकेत अपने रिश्तेदारों के साथ वहां पहुंचा। कुल्फी खाने के बाद जब साधना ने पैसे मांगे, तो राजेश विवाद करने लगा और बिना पैसे दिए चला गया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रात करीब 9 बजे वह घर के सामने खेत की ओर गई थी। इसी बीच राजेश साकेत, अंकित साकेत, बसंत साकेत और अशोक साकेत वहां आ धमके और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर चारों ने उसके साथ लाठी-डंडों और लातों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि एक आरोपी ने महिला के पेट पर जोरदार लात मार दी, जिससे वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगी।
महिला की चीख-पुकार सुनकर जेठानी केमलावती साकेत और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना के कुछ देर बाद महिला के पेट में असहनीय दर्द उठा और देर रात करीब 1 बजे उसका तीन महीने का गर्भ गिर गया। हालांकि महिला ने बताया कि उसने गर्भ को लेकर पहले किसी अस्पताल या आंगनबाड़ी में जांच नहीं कराई थी।
नईगढ़ी बीएमओ डॉक्टर आर के पाठक ने बताया कि घायल महिला की हालत में सुधार न होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की तहकीकात में जुटे हैं।

See also  Mauganj News: मऊगंज में 60 हजार से अधिक पेंशनधारियों को राहत, मार्च माह की पेंशन राशि सीधे खातों में ट्रांसफर

Leave a Comment