Rewa news; सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: रीवा पुलिस

Share With Others

Rewa news; सिविल लाइन थाने में यूट्यूबर पर केस दर्ज होने के बाद पुलिस अलर्ट; साइबर सेल की हर प्रोफाइल पर पैनी नजर  सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की आजादी की आड़ में भड़काऊ, जातिगत और धार्मिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ रीवा पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। हाल ही में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ती विवादित पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने एक विशेष एडवाइजरी जारी की है। नगर पुलिस अधीक्षक रितु उपाध्याय ने साफ चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक सौहार्द्र और सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

यूट्यूबर पर मामले के बाद बिगड़ा माहौल

 

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

हाल ही में थाना सिविल लाइन में एक यूट्यूबर मनीष पटेल के खिलाफ जातिगत टिप्पणी करने को लेकर एक आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न जातियों और संप्रदायों के लोगों द्वारा लगातार एक-दूसरे के खिलाफ भड़काऊ और अमर्यादित टिप्पणियां की जा रही थीं। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस को यह कदम उठाना पड़ा।

See also  Mp news; कलेक्टर ने 564 आवेदकों के प्रकरणों में की सुनवाई

अपराधी और वर्दी की कोई जाति नहीं होती

पुलिस प्रशासन ने संविधान की प्रस्तावना ‘हम भारत के लोग’ का हवाला देते हुए देश की अखंडता और एकता को सर्वोपरि बताया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता और न ही कानून की रक्षा करने वाली वर्दी की कोई जाति होती है। जो भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

बाहरी राज्यों के उपद्रवियों पर भी कसेगा शिकंजा

नगर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर रितु उपाध्याय मीडिया को जानकारी देते हुए बताएं कि, यह भी देखने में आया है कि अन्य राज्यों में बैठे कुछ लोग सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालकर रीवा और मध्य प्रदेश के स्थानीय लोगों को टैग कर रहे हैं, ताकि यहां का माहौल खराब किया जा सके। इस पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि हमारी साइबर सेल पूरी तरह सक्रिय है। डिजिटल माध्यम से नफरत फैलाने वाला आरोपी चाहे देश के किसी भी कोने में बैठा हो, उसे ट्रैक कर कानूनी दायरे में लाया जाएगा।

See also  Rewa news; सिलपरा नहर में नहाने गए सेना के जवान के बहने की आशंका, SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

पुलिस की आम जनता से अपील:

सोशल मीडिया पर किसी भी जाति, धर्म या संप्रदाय के खिलाफ आपत्तिजनक कमेंट न करें।
माहौल खराब करने वाली या भड़काऊ पोस्ट को आगे शेयर या वायरल बिल्कुल न करें।
समाज में जातिगत वैमनस्यता फैलाने के बजाय आपसी भाईचारा और सौहार्द्र बनाए रखने में सहयोग करें।
पुलिस ने साफ किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति ऐसी किसी भी संदिग्ध या विवादित गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर तत्काल कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Comment