Rewa Police SI; रीवा। समाज में सुरक्षा और न्याय का जिम्मा संभालने वाले खाकी वर्दीधारी ही जब अपनों के साथ अन्याय करने लगें, तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। ऐसा ही एक शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला रीवा से सामने आया है, जहां यातायात थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर पर अपनी ही बुजुर्ग और गंभीर रूप से बीमार मां को प्रताड़ित करने, उनका पेंशन का पैसा हड़पने और धोखे से उनकी जमीन अपने बेटे के नाम कराने के गंभीर आरोप लगे हैं।
न्याय की आस में पीड़ित बुजुर्ग मां अपने छोटे बेटे के साथ रीवा कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के सामने पेश हुईं।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
Rewa Police SI;अनुकंपा नियुक्ति के बाद भूल गया मां का फर्ज
पीड़िता पुट्टन देवी के छोटे बेटे योगेश तिवारी निवासी ग्राम पड़हार, जिला सतना ने बताया कि उनके पिता भी पुलिस विभाग में थे। सेवाकाल के दौरान पिता के निधन के बाद बड़े भाई हेमराज तिवारी को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वर्तमान में वह रीवा के जय स्तंभ चौक स्थित यातायात ट्रैफिक विभाग में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं।
परिजनों का आरोप है कि अनुकंपा नियुक्ति मिलने के बाद हेमराज करीब 10 साल तक मां को साथ रखता रहा। इस दौरान मां को मिलने वाली 14,200 की मासिक पेंशन का पूरा पैसा भी वही निकाल कर इस्तेमाल करता रहा। लेकिन करीब डेढ़-दो साल पहले जब मां गंभीर रूप से बीमार हुईं हार्ट पेशेंट, तीन नसें ब्लॉक, तो उसने सेवा करने के बजाय उन्हें बेसहारा छोड़ दिया।
Rewa Police SI; बहू और बेटे पर मारपीट का आरोप
व्हीलचेयर पर कलेक्ट्रेट पहुंची बुजुर्ग मां ने टूटे शब्दों में अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनका बड़ा बेटा और बहू उनके साथ मारपीट करते थे, समय पर खाना नहीं देते थे और कपड़े तक साफ नहीं करते थे। बहु उन पर हाथ उठाती थी और गाली-गलौज करती थी। पिछले करीब तीन सालों से बुजुर्ग मां अपने छोटे बेटे योगेश के साथ रह रही हैं, जो खेती-किसानी करके अपनी मां का इलाज और सेवा कर रहा है।
Rewa Police SI; धोखे से नाती के नाम कराई जमीन
छोटे भाई योगेश तिवारी ने आरोप लगाया कि एसआई हेमराज तिवारी ने पेंशन बढ़वाने का झांसा देकर बुजुर्ग मां को बहलाया और अंगूठा लगवाकर धोखे से मां की जमीन दान पत्र के जरिए अपने छोटे बेटे मनीष तिवारी के नाम रजिस्ट्री करा ली।
योगेश ने बताया कि वह खुद अनपढ़ है, जिसके कारण धोखे से उसके भी हस्ताक्षर करा लिए गए थे। जब बाद में जमीन पर कब्जा रोका गया, तब जाकर इस जालसाजी का पता चला।
Rewa Police SI; अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश
पीड़ित परिवार ने रीवा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता की मांग है कि धोखे से कराई गई जमीन की रजिस्ट्री को तत्काल निरस्त किया जाए और बुजुर्ग मां को प्रताड़ित करने वाले आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर और एसपी ने पीड़ित परिवार को उचित जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।

