Rewa news:रीवा शहर के चर्चित नेशनल हॉस्पिटल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अस्पताल की लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। हादसे के वक्त लिफ्ट में इलाज कराने आया एक मरीज मौजूद था, जिसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर और मुख्य मार्ग पर जमकर हंगामा किया। यह घटना बीते देर रात की बताई जा रही है वहीं परिजनों ने मौके पर पहुंची पुलिस पर बर्बरता, मारपीट और परिजनों को घसीटने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

Rewa news: पेड़ से गिरकर घायल हुआ था युवक,
इलाज कराने पहुंचा था रीवा
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमरपाटन के लालपुर गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह पेड़ से गिरकर घायल हो गया था, जिसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए रीवा के नेशनल हॉस्पिटल लेकर आए थे। अस्पताल में उपचार के दौरान जब मरीज को लिफ्ट के जरिए लाया-ले जाया जा रहा था, तभी अचानक लिफ्ट का वायर टूटने या तकनीकी खराबी के चलते बड़ा हादसा हो गया और मरीज की मौत हो गई।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
Rewa news: परिजनों का गंभीर आरोप’अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही ने ली जान’
घटना के तुरंत बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही और लिफ्ट के रखरखाव में कमी के कारण यह जानलेवा हादसा हुआ है। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल बन गया।
Rewa news: पुलिस और परिजनों में तीखी बहस, पुलिस पर मारपीट का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और सीएसपी राजीव पाठक समेत कई थानों के थाना प्रभारी व पुलिस बल मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि स्थिति संभालने के बजाय पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की, मारपीट की और उन्हें सड़क पर घसीटा।
वहीं, मीडिया से बात करते हुए सीएसपी राजीव पाठक ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर बयान दिया और स्थिति को नियंत्रित करने की बात कही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है ।

Rewa news: जांच के घेरे में अस्पताल प्रबंधन
इस दर्दनाक हादसे के बाद निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था और लिफ्ट के मेंटेनेंस को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
