Rewa news: NH-39 पर बाइकर्स गैंग की लूट नाकाम, खदेड़कर दबोचे तीन लुटेरे

0
20260203_141940
Share With Others

Rewa news: गुढ़ थाना क्षेत्र नेशनल हाईवे 39 पर बीती रात ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बाइकर्स गैंग के तीन लुटेरों को धर दबोचा। आरोपियों ने एक राहगीर के साथ मारपीट कर लूटपाट की थी, लेकिन ग्रामीणों की मुस्तैदी के कारण वे भागने में सफल नहीं हो सके। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते 2 फरवरी रात्रि करीब 11:00 बजे रकरिया निवासी एक युवक अपने घर लौट रहा था। महासाव रेडियो स्टेशन के समीप घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उसकी बाइक रुकवाई और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बदमाश युवक से मोबाइल फोन और नकदी छीनकर फरार हो गए।

पीड़ित के शोर मचाते ही आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर बाहर निकल आए और अपनी गाड़ियों से लुटेरों का पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख लुटेरे खड्डा टोल प्लाजा की ओर भागे, लेकिन ग्रामीणों ने वहां घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। सूचना मिलते ही गुढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को अपनी कस्टडी में लिया। आरोपी महासाव भैया टोला के निवासी बताए जा रहे हैं।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

See also  Rewa news: समान थाना क्षेत्र में चोरों का तांडव: दिनदहाड़े न्यू माँ होंडा शोरूम के पास से बाइक चोरी, पुलिस की ढीली कार्रवाई पर उठे सवाल!

 

हैरानी की बात यह रही कि पकड़े जाने के बाद भी आरोपियों के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी कैमरे के सामने खुद को ‘टाइगर’ और ‘शेर’ बता रहे थे। एक आरोपी ने तो यहां तक कह दिया कि— “देख लेंगे सिस्टम क्या कर लेगा, हमने कितनी गाड़ियां चुराई हैं यह भी गिन लेना।” पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य चोरी की वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी गुढ़ शैल यादव ने जानकारी दी कि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाकर अपराधियों को पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ लूट और डकैती की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed