Rewa news; अपराधियों और हुड़दंगियों पर नकेल कसने शहर के सभी सातों थानों में एक साथ लगे पॉइंट, बिना नंबर के वाहनों और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर हुई कार्रवाईरीवा जिले में कानून और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के सख्त निर्देश के बाद अमहिया सहित जिले के सभी थाना प्रभारियों को रात्रि में औचक चेकिंग और लगातार गश्त करने के आदेश दिए गए हैं। इस आदेश के बाद देर रात शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस के आला अधिकारी और जवान सड़कों पर मुस्तैद दिखाई दिए। पुलिस की इस सक्रियता से जहां अपराधियों और हुड़दंगियों में हड़कंप मचा रहा, वहीं आम जनता ने राहत की सांस ली है।
एसपी का स्पष्ट निर्देश है कि जिले में अपराधियों, बदमाशों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त नजर रखी जाए। इसी कड़ी में देर रात पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में देर रात घूम रहे संदिग्ध वाहनों और असामाजिक तत्वों की सघन जांच करने उतरे।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
शहर के सभी सातों थानों में एक साथ कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह चेकिंग अभियान पूरी तरह से सुनियोजित और प्रभावी ढंग से चलाया गया। रात 12 बजे भी अधिकारी स्वयं सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। शहर के सभी प्रमुख थानों—जैसे सिविल लाइन, बिछिया, समान और चोरहटा समेत कुल सातों थानों के क्षेत्रों में एक साथ अलग-अलग पॉइंट लगाकर सघन चेकिंग की गई। अचानक हुई इस घेराबंदी से देर रात बेवजह घूमने वाले तत्वों में खलबली मच गई।
इन पर रहा विशेष फोकस
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस मुख्य रूप से तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग) बैठकर घूमने वाले युवकों और बिना नंबर प्लेट वाली संदिग्ध मोटरसाइकिलों की जांच करती रही। इसके अलावा ओवर स्पीडिंग, ओवरलोडिंग और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर भी सख्त नजर रखी गई। संदिग्धों को रोककर उनसे पूछताछ की गई और वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई।
चालकों को दी समझाइश
चेकिंग के दौरान पुलिस का संवेदनशील चेहरा भी सामने आया। देर रात परिवार के साथ सफर कर रहे ऐसे लोग जो बिना हेलमेट के जा रहे थे, उन्हें पुलिस अधिकारियों द्वारा रोककर समझाइश दी गई। वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व को समझाते हुए जागरूक किया गया कि सुरक्षा स्वयं के और परिवार के हित में कितनी जरूरी है। रीवा पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
