Rewa news: रीवा जिले के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र स्थित बेला गांव में जमीन विवाद को लेकर एक बेहद संवेदनशील और अनोखा विरोध प्रदर्शन सामने आया। अपनी व अन्य किसानों की जमीन की रक्षा और न्याय की मांग को लेकर एक किसान करीब 72 घंटे से अधिक समय से खेत में बने पानी भरे गड्ढे में बैठकर जल-सत्याग्रह कर रहा था। मामला तूल पकड़ते ही रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी स्वयं मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय का आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त कराया।
Rewa news: अडानी समूह पर कब्जा करने का आरोप
बेला गांव के पीड़ित परिवार व ग्रामीणों का आरोप है कि अडानी समूह द्वारा उनकी निजी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध कर रहे युवक, जो फर्स्ट क्लास क्रिकेट का खिलाड़ी बताया जा रहा है, ने आरोप लगाया कि कंपनी के अधिकारियों व संबंधित अमले ने उनके साथ अभद्रता की और झूठी एफआईआर कराने की धमकी दी। अपनी जमीन बचाने के लिए युवक पिछले तीन दिनों से पानी के अंदर भूखा-प्यासा बैठा रहा।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
‘Rewa news: आप’ प्रवक्ता की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा संगठन पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने रीवा कलेक्टर से बात कर प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की। शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को जल्द न्याय नहीं मिला तो वह खुद 19 अगस्त से स्थल पर अनशन शुरू करेंगे।
Rewa news: कलेक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता, भिजवाया अस्पताल
युवक के बिगड़ते स्वास्थ्य की चिंता को देखते हुए कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी युवक और परिजनों से सीधे बात की। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। इसके बाद युवक को पानी से बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है, लेकिन ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई और पारदर्शी समाधान नहीं हुआ तो लड़ाई जारी रहेगी।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
