Rakhi: रीवा। रक्षाबंधन के त्योहार पर आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त मिठाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन मुस्तैद हो गया है। कलेक्टर के निर्देश पर ‘मिलावट से मुक्ति’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन, राजस्व और नापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने रीवा शहर समेत ग्रामीण अंचलों की मिष्ठान दुकानों पर औचक निरीक्षण की कार्रवाई की।
सलीम डेयरी में मिलावटी वर्क का संदेह, 3 तौल कांटे जब्त
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
संयुक्त टीम ने रीवा शहर के सब्जी मंडी गुढ़ाई बाजार स्थित सलीम डेयरी में दबिश दी। प्राथमिक जांच में मिठाइयों पर लगे चांदी के वर्क की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। वर्क में एल्युमिनियम की मिलावट की आशंका को देखते हुए मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
वही नापतौल विभाग द्वारा सत्यापित न पाए जाने पर दुकान से 3 तौल कांटे जब्त किए गए।
सिरमौर, अतरेला और जवां में भी लिए गए सैंपल
प्रशासनिक टीम ने जिले के अन्य कस्बों में भी ताबड़तोड़ कार्रवाई की सिरमौर नायब तहसीलदार की मौजूदगी में संचित स्वीट्स, ओम स्वीट्स और न्यू बीकानेर मिष्ठान भंडार से मावा व छेने की मिठाइयों के नमूने लिए गए। यहाँ भी अनसत्यापित तौल कांटों को जब्त किया गया।
अतरेला व जवां अतरेला स्थित त्रिवेणी होटल से छेना व कलाकंद, तथा जवां के पीयूष स्वीट्स से गुलाब जामुन, लड्डू व बर्फी के सैंपल लिए गए।
अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के मद्देनजर आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने और घटतौली पर अंकुश लगाने के लिए यह जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
