Rewa news; रीवा शहर के बाणसागर कॉलोनी में ‘टाइम बम’ बना बिजली का ट्रांसफार्मर, 1 साल से हो रहा है तेल रिसाव, विभाग बना धृतराष्ट्र!

Share With Others

Rewa news; नगर संवाददाता बीके मिश्रा : रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा शहर से एक बेहद लापरवाही और गंभीर मामला सामने आया है। शहर के बाणसागर कॉलोनी, छत्रपति नगर वार्ड नंबर 26 में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर से पिछले एक साल से लगातार तेल रिसाव हो रहा है इसके बावजूद, बिजली विभाग ‘धृतराष्ट्र’ की भूमिका में है और किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

इस भीषण गर्मी में, जब तापमान अपने चरम पर है, यह ट्रांसफार्मर किसी भी समय एक बड़े धमाके का कारण बन सकता है। वार्ड 26 के स्थानीय निवासियों के अनुसार, कॉलोनी के ऊपर हर वक्त एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

सीएम हेल्पलाइन से लेकर 1912 तक सब बेअसर

मोहल्ले के जागरूक नागरिकों ने वीडियो के जरिए इस गंभीर समस्या की पोल खोली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पिछले एक साल इस लीकेज की शिकायत कर रहे है । सीएम हेल्पलाइन से लेकर बिजली विभाग के आपातकालीन नंबर 1912 पर दर्जनों शिकायतें दर्ज कराई गईं। यही नहीं, बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को मौखिक रूप से भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन आज तक धरातल पर कोई सुधार कार्य नहीं हुआ है।

भीषण गर्मी में बढ़ गया है हादसे का डर

वर्तमान में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के कारण ट्रांसफार्मर पहले से ही ओवरलोड और गर्म चल रहे हैं। ऐसे में इंसुलेशन ऑयल (तेल) का लगातार लीक होना इस बात का संकेत है कि ट्रांसफार्मर के भीतर कभी भी शॉर्ट सर्किट हो सकता है, जिससे यह एक भयानक आग के गोले में तब्दील हो सकता है। यह ट्रांसफार्मर रिहाइशी इलाके और दुकानों के ठीक सामने स्थित है, जिससे आस-पास के घरों और राहगीरों की जान को सीधा खतरा है।

स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश

बिजली विभाग की इस उदासीनता और कुंभकर्णी नींद को लेकर बाणसागर कॉलोनी और छत्रपति नगर के वासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। नागरिकों का कहना है, क्या विभाग किसी की जान जाने के बाद ही जागेगा? यदि इस लापरवाही के कारण कोई अनहोनी होती है, तो उसका जिम्मेदार सीधे तौर पर बिजली विभाग का प्रबंधन होगा।
स्थानीय जनता ने अब उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत नए ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की जाए या इस लीकेज को तत्काल सुधारा जाए, ताकि किसी बड़ी जनहानि को टाला जा सके।

*रीवा शहर के बाणसागर कॉलोनी में ‘टाइम बम’ बना बिजली का ट्रांसफार्मर, 1 साल से हो रहा है तेल रिसाव, विभाग बना धृतराष्ट्र!*

 

 

 

 

Leave a Comment