Sidhi news:सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण

Share With Others

Sidhi news:स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति, उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, पैथोलॉजी जांच, साफ-सफाई तथा अस्पताल प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

कलेक्टर ने ओपीडी एवं विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं समुचित उपचार मिले। मरीजों को आवश्यक दवाइयां अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं तथा दवाओं की उपलब्धता का नियमित आकलन कर आवश्यकतानुसार समय पर मांग एवं आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने जांच केंद्रों का निरीक्षण कर विभिन्न पैथोलॉजी जांचों की उपलब्धता एवं रिपोर्ट प्रदान करने की व्यवस्था की जानकारी ली। मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के वार्डों, शौचालयों, परिसर एवं प्रतीक्षालय में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित साफ-सफाई कराने को कहा।

कलेक्टर ने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार, दवाइयों और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ संवेदनशीलता एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की समुचित व्यवस्था रहे।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा मरीजों को अनावश्यक परेशानी होने की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक कुमार खरे, सिविल सर्जन डॉ दीपारानी इसरानी उपस्थित रहे।

Leave a Comment