Sidhi news:20 हजार की रिश्वत लेते सचिव रंगे हाथ गिरफ्तार, रीवा लोकायुक्त पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share With Others

Sidhi news:मजदूरी भुगतान के एवज में मांगी थी 40 हजार की रिश्वत, दूसरी किस्त लेते ही लोकायुक्त टीम ने दबोचा; जनपद पंचायत में मचा हड़कंप

सीधी जिले के जनपद पंचायत मझौली में गुरुवार को रीवा लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत ठोंगा में पदस्थ सचिव एवं सचिव संघ के जनपद अध्यक्ष राम सुजान तिवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी सचिव को जनपद मुख्यालय स्थित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) कार्यालय में रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा गया। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से जनपद पंचायत परिसर में हड़कंप मच गया।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

मजदूरी भुगतान के बदले मांगी थी 40 हजार की रिश्वत

मामले के अनुसार, ग्राम ठोंगा निवासी शिकायतकर्ता मानेंद्र सिंह उर्फ मुन्नू का ग्राम पंचायत में 1 लाख 19 हजार 400 रुपये के मजदूरी भुगतान से संबंधित मामला था। शिकायतकर्ता के आरोप के मुताबिक, उक्त भुगतान के एवज में सचिव राम सुजान तिवारी ने 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि शिकायतकर्ता पहले ही 20 हजार रुपये दे चुका था, लेकिन शेष 20 हजार रुपये के लिए सचिव लगातार दबाव बना रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल

रिश्वत की लगातार मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने रीवा लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और इसके बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।

आरईएस कार्यालय में लेते ही दबोचा

गुरुवार को तय योजना के तहत शिकायतकर्ता शेष 20 हजार रुपये लेकर जनपद मुख्यालय स्थित आरईएस कार्यालय पहुंचा। जैसे ही आरोपी सचिव ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

फिलहाल लोकायुक्त टीम द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment