Sidhi news:अमिलिया, कमर्जी एवं कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरियों के संबंध में महत्वपूर्ण कार्रवाई, चोरी की मोटरसाइकिल एवं दूसरी मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद
सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश बैस के नेतृत्व में अमिलिया पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी की एक मोटरसाइकिल तथा दूसरी चोरी की मोटरसाइकिल के दो इंजन एवं चार टायर-रिम सहित पार्ट्स बरामद किए हैं। विवेचना के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
शासकीय स्कूल के सामने से चोरी हुई थी मोटरसाइकिल
फरियादी बुद्धसेन रावत, पिता श्री रघुनाथ रावत, उम्र 49 वर्ष, निवासी ग्राम चमरौहा, थाना अमिलिया ने दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को उनकी हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक MP53MD5539 शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने से चोरी हो गई थी। रिपोर्ट पर थाना अमिलिया में अपराध क्रमांक 621/26, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पूछताछ में अमिलिया, कमर्जी एवं कोतवाली क्षेत्र की चोरियों का खुलासा
विवेचना के दौरान प्राप्त सूचनाओं एवं सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम ने थाना जियावन क्षेत्र में पहुंचकर चौकी कुंदवार पुलिस की सहायता से संदेही राजेश साकेत, पिता बुद्धिमान साकेत, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम बिलारो, थाना बहरी, जिला सीधी से पूछताछ की।
पूछताछ में संदेही ने थाना अमिलिया क्षेत्र से दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को, थाना कमर्जी क्षेत्र में सोननदी के पास दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को तथा थाना कोतवाली क्षेत्र में अस्पताल के बाहर सितंबर एवं अक्टूबर माह के दौरान दो मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी दी।
एक मोटरसाइकिल बरामद, दूसरी को काटकर अलग कर दिए थे पार्ट्स
पूछताछ में संदेही ने अमिलिया एवं कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई दो मोटरसाइकिल अब्दुल कादिर अंसारी, पिता अब्दुल कलाम, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम कुबरा, थाना बहरी, जिला सीधी को बेचना बताया।
पुलिस कार्यवाही के दौरान थाना अमिलिया क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं, थाना कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई दूसरी मोटरसाइकिल को काटकर उसके पार्ट्स अलग कर दिए गए थे। पुलिस ने दो इंजन एवं चार टायर-रिम सहित मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं।
थाना कोतवाली एवं थाना कमर्जी क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के संबंध में संबंधित थाना पुलिस को अवगत करा दिया गया है। दोनों थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस के समन्वय से कार्रवाई
थाना अमिलिया, थाना कमर्जी एवं चौकी कुंदवार, थाना जियावन की संयुक्त पुलिस टीम ने समन्वित कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल एवं दूसरी मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा संबंधित थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सीधी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें।

