Sidhi news:स्वच्छता और श्रम सम्मान का संदेश- पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में गांधी जयंती पर कार्यक्रम

Share With Others

Sidhi news:सेवा संकल्प अभियान 2026 के निर्देशों के परिपालन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय संजय गांधी स्मृति स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीधी में स्वच्छता, श्रम सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों का प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह द्वारा सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता कर्मी अपने निरंतर परिश्रम से महाविद्यालय को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

गांधी जयंती के अवसर पर महाविद्यालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्लास्टिक कचरे का संग्रहण कर उसका उचित निस्तारण किया गया। प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री जी के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें सादगी, सत्य, अहिंसा, स्वावलंबन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह ने महात्मा गांधी के जीवन, उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व तथा सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता संबंधी विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखा। उनके विचार आज भी स्वच्छ, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन एवं आदर्शों को भी स्मरण किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. अरुणा सिंह, डॉ उमाकांत साहू, डॉ. आई.पी. प्रजापति, डॉ. राममिलन कुम्हार, डॉ. भोला सिंह कुशराम, डॉ. गंगा देवी बैरागी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त परिसर एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, श्रम सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हुए सेवा संकल्प अभियान 2026 के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Leave a Comment