Rewa news; कोर्ट के ‘स्टे’ पर भारी सरपंच पति की ‘दबंगई’, रसूख के दम पर शिक्षक की जमीन पर कब्जे की कोशिश वीडियो आया सामने

Share With Others

Rewa news; रीवा जिले में सरपंच पति की दबंगई का मामला प्रकाश में आया है जहां सत्ता और पद का नशा किस कदर सिर चढ़कर बोलता है, इसका जीता-जागता उदाहरण ग्राम पंचायत दुआरी में देखने को मिल रहा है। यहां की महिला सरपंच के पति राजमणि यादव पर पद के रसूख और दबंगई के बल पर एक सीधे-साधे शिक्षक और सेवानिवृत्त कर्मचारी की जमीन को हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। हद तो तब हो गई जब सिविल कोर्ट द्वारा दिए गए स्थगन आदेश को भी दरकिनार कर दिया गया। रविवार को दबंगई पूर्वक नाप जोक कर कब्जा करने का वीडियो सामने आने के बाद पंचायत राज में कानून व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है, जिसमें आरोपी पक्ष पीड़ित परिवार के साथ सरेआम विवाद और धक्का-मुक्की करता नजर आ रहा है।

Rewa news; 2016 में हुआ था वैध बंटवारा सरपंच बनते ही बदली नीयत

पीड़ित शिक्षक ने बताया कि उनके पिता कुल चार भाई हैं। साल 2016 24 अप्रैल को पटवारी और तहसीलदार की मौजूदगी में आराजी नंबर 424 और 439 का विधिवत कानूनी बंटवारा हुआ था। रिकॉर्ड दुरुस्त होने के बाद सभी भाई अपने-अपने हिस्से पर काबिज होकर घर बना चुके हैं। लेकिन जैसे ही राजमणि यादव की पत्नी दुआरी की सरपंच चुनी गईं, वैसे ही सरपंच पति की नीयत पीड़ित परिवार के हिस्से की आराजी नंबर 424/3 लगभग 30 डिसमिल जमीन पर डोल गई।
तब से लेकर आज तक आए दिन इस जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद किया जा रहा है।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

Rewa news; कोर्ट का खुला उल्लंघन: ‘साहब! कोई ट्रैक्टर वाला खेत जोतने को तैयार नहीं’

रसूख के आगे जब स्थानीय प्रशासन और तहसील कार्यालय ने आंखें मूंद लीं, तो पीड़ित परिवार ने 9 जनवरी 2023 को सिविल कोर्ट दीवानी न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। जहां न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 2 दिसंबर 2024 को विवादित भूमि पर स्टे ऑर्डर दे कर यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश जारी किया

लेकिन अदालती आदेश भी दबंगों के हौसले पस्त नहीं कर सका। पीड़ित का आरोप है कि सरपंच पति राजमणि यादव, चंद्रवती, मकसूदन, मनभरण और सीता कोर्ट के आदेशों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। दबंगई का आलम यह है कि गांव का कोई भी ट्रैक्टर चालक डर के मारे पीड़ित परिवार के खेत को जोतने के लिए तैयार नहीं है। जो भी आता है, उसे डरा-धमकाकर भगा दिया जाता है।

पीड़ित ने रोते विलखते बताया की हमारा कसूर सिर्फ इतना है कि हम शांतिप्रिय लोग हैं। मेरे पिता सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और मैं खुद शिक्षक हूं। जब हम अपने ही खेत पर बैठते हैं, तो ये लोग लाठी-डंडे लेकर गाली-गलौज और जानलेवा हमला करने पर उतारू हो जाते हैं।

Rewa news; नक्शे में हेरफेर की कोशिश: सड़क किनारे की जमीन छोड़, अंदर की जमीन पर नजर

दस्तावेजों और सरकारी नक्शे के मुताबिक, आरोपी सरपंच परिवार की जमीन मुख्य मार्ग मेन रोड के पास स्थित है। जबकि जिस 30 डिसमिल जमीन (424/3) पर विवाद किया जा रहा है, वह पूरी तरह से पीड़ित परिवार के हिस्से की वैध मौरूसी जमीन है। इसके बावजूद, पद के प्रभाव का इस्तेमाल कर पीड़ित पक्ष को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है ताकि वे जमीन छोड़ दें।

Rewa news
Rewa news; कानून से ऊपर हैं सरपंच पति

इस घटना की शिकायत पीड़ितों ने चोरहटा थाने में दे दी है जहां चोरहटा पुलिस पीड़ितों की शिकायत पर आगे की कार्यवाई में जुट गई है । अदालत के स्थगन आदेश के बाद भी यदि कोई नागरिक सुरक्षित नहीं है और खुलेआम धक्का-मुक्की का वीडियो सामने आने के बाद भी पुलिस व प्रशासनिक अमला शांत बैठा है, तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पीड़ित परिवार ने जिले के उच्च अधिकारियों से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

 

 

 

Leave a Comment