Rewa news; मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन”

Share With Others

Rewa news; साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान के तहत रविवार को रीवा के अटल पार्क में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में थाना अमहिया प्रभारी शिवा अग्रवाल एवं अमहिया थाना पुलिस स्टाफ ने पार्क में मौजूद बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान लोगों को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने और ऑनलाइन ठगी से बचने के आसान उपाय बताए गए।

अमहिया थाना पुलिस ने उपस्थित लोगों को बताया कि वर्तमान समय में ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, साइबर बुलिंग, फेक जॉब ऑफर, डेटा चोरी, हैकिंग और निवेश के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी जैसे साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे अपराधों से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते और एटीएम की जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करें। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी शिकायत करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया। अंत में अमहिया थाना पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल समाज बनाने में सहयोग करें।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

Leave a Comment