Mp news: सरकारी सड़क पर कब्जे का आरोप: सरपंच ने बीच रास्ते में गाड़ा ‘निजी रास्ता’ का बोर्ड, JCB से खुदवाई सड़क

Share With Others

Mp news: रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत जिवला में एक दबंग सरपंच द्वारा शासकीय सड़क पर कब्जा कर आम रास्ता बंद करने का मामला सामने आया है। सरकारी सड़क पर जेसीबी चलाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया और बीच रास्ते में ‘निजी रास्ता’ का बोर्ड लगा दिया गया है। इससे परेशान ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में पहुंचकर रीवा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और शासकीय रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीण भरत मिश्रा और द्वारिका प्रसाद शर्मा ने बताया कि ग्राम जिवला की आराजी नंबर 348 राजस्व अभिलेखों में दर्ज शासकीय सड़क है। वर्ष 2016-17 में पूर्व सरपंच के कार्यकाल में इस रास्ते का निर्माण कराया गया था, जो शासकीय आंगनबाड़ी केंद्र के साथ-साथ साकेत, साहू, आदिवासी व ब्राह्मण बस्तियों को जोड़ता है।
JCB से खोदा रास्ता, ताना बोर्ड
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान सरपंच राघवेंद्र दुबे और उनके पुत्र द्वारा शासकीय रास्ते को जेसीबी मशीन से खुदवाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया गया है। इतना ही नहीं, सड़क के बीचों-बीच एक बोर्ड लगा दिया गया है जिस पर इसे ‘निजी रास्ता’ लिख दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार सरपंच ने आराजी नंबर 348 की शासकीय भूमि पर अपना मकान बनाकर कब्जा भी कर रखा है।
राशन में गड़बड़ी और धमकी का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होंने बंद रास्ते को लेकर सरपंच से बात की, तो उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और देख लेने की धमकियां दी गईं। इसके अलावा राशन दुकान (कोटे) से मिलने वाले खाद्यान्न में भी कटौती और धांधली के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

Leave a Comment