MP Mausam Samachar: प्री-मानसून का रौद्र रूप! रीवा, मऊगंज समेत 34 जिलों में 60km की रफ्तार से चलेगी आंधी, ओलावृष्टि की चेतावनी

Share With Others

MP Mausam Samachar: मध्य प्रदेश में प्री-मानसून ने पूरी तरह से पैर पसार लिए हैं। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण सूबे का मौसम पूरी तरह से पलट गया है। मौसम विभाग ने अत्यंत गंभीर चेतावनी जारी करते हुए प्रदेश के 34 जिलों में भारी आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और आसमानी बिजली गिरने का हाई अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के कई हिस्सों में भारी ओलावृष्टि (ओले गिरने) की भी आशंका है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में एक साथ कई चक्रवातीय सिस्टम और ट्रफ लाइन सक्रिय हैं, जिसके चलते अगले एक सप्ताह तक यानी मानसून की एंट्री होने तक पूरे प्रदेश में इसी तरह का रौद्र रूप देखने को मिलेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं, जो पेड़ और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

इन 34 जिलों में आंधी और तबाही का अलर्ट

मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है, उनमें रीवा, मऊगंज, सतना, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा शामिल हैं। इसके अलावा ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कुदरत का असर देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में प्रशासन को भी अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

यहां गिरेंगे ओले, 13 जून को ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग की मानें तो मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में आंधी-बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हो सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने 13 जून को ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर और दमोह जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। लोगों को वज्रपात (बिजली गिरने) के दौरान पक्के मकानों में शरण लेने और पेड़ों व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

बारिश के बीच भी तप रहा खजुराहो, पारा 45 पार

एक तरफ जहां आधा मध्य प्रदेश आंधी-बारिश से बेहाल है, वहीं दूसरी तरफ नौतपा बीतने के बाद भी बुंदेलखंड में सूरज की तपिश कम नहीं हो रही है। खजुराहो लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा ग्वालियर में 43.1 डिग्री, जबलपुर में 40.5 डिग्री, राजधानी भोपाल में 40.4 डिग्री, उज्जैन में 39.5 डिग्री और इंदौर में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे उमस और गर्मी का मिलाजुला असर बना हुआ है।

Leave a Comment