Rewa news; हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी अटल परिसर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप, सीपेज के पानी और कचरे से भयंकर जलभराव

Share With Others

Rewa news; रीवा; रीवा में स्वच्छता अभियानों के लंबे-चौड़े दावों के बीच हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी अटल परिसर, मैदाने के निवासी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की उपेक्षा के चलते पूरी कॉलोनी में नालियां जाम हैं, सीपेज का बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है और जगह-जगह कचरे के अंबार लगे हुए हैं।

Rewa news; नालियों की सफाई न होने से घरों तक पानी का खतरा

कॉलोनी के रहवासी शिव कुमार उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2020 से वे यहां रह रहे हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था का हाल लगातार बिगड़ता जा रहा है। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण सीपेज और नालियों का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति इतनी विकराल हो जाती है कि पूरी सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है। यदि बारिश तेज हुई तो यह दूषित पानी लोगों के घरों के अंदर घुस जाएगा।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

Rewa news; कचरा गाड़ी नहीं आती, सड़कों पर डंप हो रहा कचरा

कॉलोनी में कचरा उठाने के लिए नगर पालिका/प्रशासन की ओर से कोई कचरा गाड़ी या सफाई कर्मचारी नहीं आता। विवश होकर लोग सड़कों के किनारे ही कचरा फेंकने को मजबूर हैं, जिससे सड़कों पर ट्रॉली भर-भरकर कचरा एकत्र हो गया है।

Rewa news; सांप-बिच्छू का मंडरा रहा खतरा

जलजमाव और जगह-जगह फैले कचरे के ढेर के कारण विषैले जीवों का खतरा अत्यधिक बढ़ गया है। निवासियों का कहना है कि गलियों और नालियों के आसपास सांप-बिच्छू घूमते नजर आते हैं, जिससे छोटे बच्चों और राहगीरों की जान को हर वक्त खतरा बना रहता है।

Rewa news; CM हेल्पलाइन पर 20 से अधिक शिकायतें दर्ज, L-3 तक मामला लंबित

प्रशासनिक लापरवाही का आलम यह है कि सीएम हेल्पलाइन में इस समस्या को लेकर 20 से अधिक शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। शिकायतें L-1 और L-2 स्तर से बढ़कर L-3 तक पहुंच चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार या जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली। निवासियों के अनुसार, करीब ₹90,000 का ठेका होने के बावजूद ठेकेदार और उसके कर्मचारी कॉलोनी में कभी झांकने तक नहीं आते।

कड़ी कार्रवाई की मांग

कॉलोनी वासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर लापरवाह ठेकेदार व जिम्मेदार कर्मचारियों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए और कॉलोनी में सफाई व जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए।

Leave a Comment