Mauganj news; मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने गत दिवस हनुमना तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं, ग्रामीणों एवं आमजनों के साथ चौपाल लगाकर आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। चौपाल में मुख्य रूप से पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। कलेक्टर जैन ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं द्वारा तहसील परिसर में पेयजल एवं मूलभूत सुविधाओं की कमी की बात कलेक्टर के समक्ष रखी गई। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि अधिवक्ताओं एवं आमजन के लिए शीघ्र बेहतर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों के कामकाज की भी समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए,तय समय-सीमा के भीतर पात्र हितग्राहियों को राहत पहुंचाई जाए। राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और गतिशीलता लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन तहसील भवन के निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण कराएं। इस दौरान एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, तहसीलदार शिवम गौतम सहित अधिवक्तागण और स्थानीयजन उपस्थित रहे |
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
