City kotwali: रीवा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सब्जी मंडी स्थित एक कॉस्मेटिक और चूड़ी दुकान में चोरी और मारपीट का मामला सामने आया है। ग्राहक बनकर आईं चार महिलाओं ने दुकान से कॉस्मेटिक सामान और चूड़ियां पार कर दीं। हालांकि, दुकान की महिला कर्मचारी की बहादुरी और सूझबूझ के कारण दो महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहीं।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
सब्जी मंडी स्थित ‘साईं कॉस्मेटिक एंड चूड़ी दुकान’ में चार महिलाएं ग्राहक बनकर घुसी थीं। भीड़ का फायदा उठाकर उन्होंने सामान चुराया और खिसकने लगीं। उनकी संदिग्ध गतिविधि देखकर दुकान की महिला कर्मचारी को शक हुआ और उसने तुरंत उनका पीछा किया।
कर्मचारी को पीछे आता देख महिलाएं भागने लगीं, लेकिन कर्मचारी ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा कर दो आरोपी महिलाओं को दबोच लिया।
हाथ छुड़ाने के लिए दांत से काटा: City kotwali
खुद को घिरता देख आरोपी महिलाओं ने कर्मचारी के साथ हाथापाई शुरू कर दी। अपना हाथ छुड़ाने के प्रयास में एक महिला ने कर्मचारी के हाथ पर जोर से दांत से काट लिया, जिससे वह घायल हो गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उनकी मदद से दोनों महिलाओं को काबू में किया गया। पकड़ी गई महिलाओं के पास से चोरी की गई चूड़ियां और कॉस्मेटिक सामान बरामद कर लिया गया ।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपी महिलाओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ कर रही है और फरार हुई अन्य दो महिलाओं की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
