Sidhi news:भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जिलेभर में गूंजा जनजातीय गौरव का संदेश, टमसार में दिखी जनजातीय संस्कृति की भव्य छटा

Share With Others

Sidhi news:भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपनी पहचान, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की प्रेरणा देता है – सांसद

जनजातीय प्रतिभाओं का सम्मान, महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को पूरा जिला जनजातीय गौरव के रंग में सराबोर रहा। जिलेभर में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टमसार में आयोजित हुआ। समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदर्शों को याद करने के साथ जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की भव्य झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति और आत्मनिर्भरता के माध्यम से जनजातीय समाज को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।

समारोह में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम अध्यक्ष तथा जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंका बैगा सहित जनजातीय समाज के अन्य वीर सपूतों को नमन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा को आदिवासी स्वाभिमान, संघर्ष और संगठन का महान प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष के जीवनकाल में जनजातीय समाज के अधिकारों, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन हमें अपनी पहचान, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना आवश्यक है। जनजातीय महापुरुषों के जीवन प्रसंगों और उनके योगदान को विद्यालयीन पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि बच्चे अपने गौरवशाली इतिहास को जान सकें।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं पीएम जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास और स्वावलंबन के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श स्वाभिमान, समानता, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा और राष्ट्रभक्ति आज भी प्रासंगिक हैं। जनजातीय गौरव दिवस अपने महापुरुषों के संघर्ष और योगदान को याद करने के साथ उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, वनाधिकार, आजीविका और आवास के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा युवाओं से नशे और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सात्विक जीवन और सामाजिक एकजुटता के माध्यम से ही समाज को नई दिशा दी जा सकती है।

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए संघर्ष किया। उनके जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाना जनजातीय समाज के इतिहास और योगदान को राष्ट्रीय पहचान देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ बच्चों को शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है। सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी दिलाने का अवसर है। जनजातीय समाज की समृद्ध पारंपरिक कला, संस्कृति, लोकजीवन और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखते हुए अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

समारोह में जनजातीय समाज के उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर हितग्राहियों को स्वास्थ्य किट, स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र तथा आवास एवं पेंशन योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में 150 से अधिक लोगों की हुई सिकल सेल जांच

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर समारोह स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद एवं एसडीएम कुसमी सागर जैन ने स्वयं सिकल सेल की जांच कराकर जनजातीय समाज को इस बीमारी के प्रति जागरूकता और जांच के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य शिविर में 150 से अधिक लोगों की सिकल सेल जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को सिकल सेल एनीमिया के लक्षण, समय पर जांच, बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी दी। अधिकारियों की सहभागिता से शिविर में उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने का संदेश मिला।

कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन प्राध्यापक डॉ. के.एस. नेताम ने दिया। लोक कलाकारों एवं विद्यार्थियों ने जनजातीय लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय जीवन एवं परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।

सांसद ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। जनपद पंचायत अध्यक्ष कुसमी श्यामवती सिंह, जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह एवं जनपद सदस्य जमुनी देवी ने भी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान पर विचार व्यक्त किए।

समारोह में जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद, एसडीएम कुसमी सागर जैन, नोडल अधिकारी के.के. पाण्डेय, जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीणजन और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन अंगिरा प्रसाद द्विवेदी द्वारा किया गया।

जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों एवं सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने का संदेश दे गया। समारोह में परंपरा और आधुनिक विकास के समन्वय के साथ शिक्षित, जागरूक, नशामुक्त एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का संकल्प भी सामने आया।

 

Leave a Comment