Chorahta police :रीवा : चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत अगडाल में पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सटीक सूचना और ‘डायल 112’ की तत्परता से पुलिस ने सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 5 पेटी (लगभग 43 लीटर) अवैध शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किराए की दुकान से चल रहा था ‘अवैध खेल’
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अगडाल क्षेत्र में एक व्यक्ति ने किराए पर दुकान ले रखी थी, जहाँ से अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही थी। आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कड़ी कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने नया तरीका निकाला था। वे शराब का आधा स्टॉक दुकान में रखते थे और बाकी का हिस्सा पास ही झाड़ियों के पीछे छुपाकर रखते थे, ताकि पुलिस की रेड पड़ने पर ज्यादा माल न पकड़ा जाए।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

मुखबिर की सूचना पर रेड, 43 लीटर शराब जब्त
रविवार को चोरहटा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अगडाल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही चोरहटा पुलिस और 112 की टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान झाड़ियों से और दुकान के पास से कुल 43 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसमें ‘गोवा व्हीस्की’ और ‘देशी प्लेन’ शामिल हैं।
अज्ञात आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से अवैध शराब को जब्त कर लिया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब किराए पर दुकान देने वाले मकान मालिक और शराब बिक्री में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।

अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
