Rewa news: बिजली चोरों के खिलाफ विभाग का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, 35 केस दर्ज; 15 लाख का जुर्माना अब ग्रामीण की बारी
Rewa news: रीवा। गर्मी का पारा चढ़ते ही शहर में बिजली चोरी की घटनाओं में भी उछाल आया है। इसे देखते हुए बिजली विभाग ने चोरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। (DE) अभिषेक शुक्ला के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने छापेमारी कर अब तक 35 से अधिक उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसा है, जिनसे करीब 15 लाख रुपये के जुर्माने की वसूली की तैयारी है।
गर्मी बढ़ते ही ‘एक्शन मोड’ में विभाग
अभिषेक शुक्ला ने बताया कि गर्मी में एसी और कूलर का उपयोग बढ़ने के कारण लाइन लॉस बढ़ जाता है। कई उपभोक्ता मीटर बाईपास कर या स्मार्ट मीटर से छेड़खानी कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए 13 अप्रैल से पूरे शहर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो पूरी गर्मी तक अनवरत जारी रहेगा।
3 जोन, 3 टीमें और विजिलेंस की पैनी नजर
बिजली चोरी पकड़ने के लिए विभाग ने पूरी रणनीति तैयार की है:
गठित टीमें सहायक यंत्रियों (AE) के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
विजिलेंस का पहरा:मुख्य टीमों के साथ विजिलेंस की दो टीमें भी तैनात हैं जो संदिग्ध इलाकों में अचानक दबिश दे रही हैं।
प्रमुख टारगेट: स्मार्ट मीटर से छेड़खानी करने वाले, अवैध कनेक्शन जोड़ने वाले और समाधान योजना का लाभ न लेकर बिल बकाया रखने वालों पर कड़ी नजर है।
“हमने अब तक 30-35 केस बनाए हैं, जिनमें 15 लाख तक की बिलिंग हुई है। जो लोग कनेक्शन कटने के बाद दोबारा अवैध रूप से बिजली जोड़ रहे हैं, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक शुक्ला, कार्यपालन यंत्री, रीवा
बकायादारों पर भी गिरेगी गाज
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन बकाया राशि के कारण काटे गए हैं, यदि वे दोबारा अवैध रूप से जुड़े पाए जाते हैं, तो उन पर सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अधिकारी खुद भी फील्ड में उतरकर इन कार्रवाइयों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
