Sidhi news:भारतीय युवा संसद के राष्ट्रीय सत्र में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय संजय गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीधी के विद्यार्थियों ने सहभागिता कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। राष्ट्रीय सत्र का आयोजन 31 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक धर्मराजेश्वर, मंदसौर (मध्यप्रदेश) में भारतीय युवा संसद-मीडिया फाउंडेशन एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस राष्ट्रीय स्तरीय आयोजन में महाविद्यालय के विद्यार्थी शिवम कुमार पाण्डेय एवं अनिल कुमार सिंह ने सहभागिता कर सीधी जिले का प्रतिनिधित्व किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संसदीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं संवाद कौशल का विकास करने के साथ ही राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इसमें देश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
राष्ट्रीय सत्र में सहभागिता के उपरांत महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने दोनों विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संवैधानिक मूल्यों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

