Sidhi news:कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश
जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 240 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
सीधी कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का निराकरण संभव नहीं है अथवा आवेदन निरस्त किया जाता है, उसमें कारण स्पष्ट रूप से आवेदक को बताया जाए।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों को आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसके साथ ही आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रही। इससे नागरिकों को संबंधित सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों में की गई कार्रवाई की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

