Sidhi news:सीधी: स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर जोर, सहायक आयुक्त डॉ. के.के. पाण्डेय ने प्राचार्यों को दिए निर्देश

Share With Others

Sidhi news:शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की जानकारी अपडेट करने और विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर दिया जोर

सीधी-: जनजातीय कार्य विभाग, सीधी के सहायक आयुक्त डॉ. के.के. पाण्डेय की अध्यक्षता में जिले के समस्त हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा बीआरसीसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

बैठक में यूडाइस (UDISE) पोर्टल पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालयों की आधारभूत संरचनाओं से संबंधित जानकारी अद्यतन करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों की समग्र आईडी एवं आधार संबंधी जानकारी का अपडेशन, छात्र-छात्राओं की प्रोफाइल अपडेट करने तथा गणवेश राशि से संबंधित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

विद्यालयों में स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं पर विशेष जोर

बैठक में विद्यालयों के टॉयलेट एवं बाथरूम की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनकी साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिन विद्यालयों में शौचालय एवं बाथरूम की मरम्मत अथवा नए निर्माण की आवश्यकता है, वहां संबंधित उपयंत्री के माध्यम से प्राक्कलन तैयार कराकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को विद्यालयों में बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश

सहायक आयुक्त डॉ. के.के. पाण्डेय ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं प्राचार्यों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति, अभिलेखों के संधारण तथा अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाना, विद्यार्थियों से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखना तथा विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा। अधिकारियों एवं संबंधित विद्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएं।

Leave a Comment