Mp news; रीवा को फिर मिली तैराकी की सौगात, कल से खुलेगा मिहिर सेन तरणताल

Share With Others

Mp news; नगर निगम ने जनहित में लिया बड़ा फैसला; महिलाओं के लिए शाम को सुरक्षित ‘स्पेशल स्लॉट’, सुरक्षा के लिए तैनात रहेगे लाइफगार्ड
रीवा। शहरवासियों के लिए भीषण गर्मी के इस मौसम में राहत भरी खबर है। नगर पालिक निगम, रीवा द्वारा स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य, फिटनेस और मनोरंजन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 8 जून 2026 (सोमवार) से मिहिर सेन तरणताल का संचालन पुनः प्रारंभ किया जा रहा है। निगम प्रशासन ने इसके लिए विधिवत पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके तहत इच्छुक नागरिक मासिक सदस्यता प्राप्त कर अथवा दैनिक शुल्क चुकाकर तैराकी का आनंद ले सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि मिहिर सेन तरणताल के दीर्घकालिक निजी संचालन हेतु वर्तमान में टेंडर (निविदा) प्रक्रिया और बोलीदाताओं के चयन की कार्रवाई जारी है। इसके बावजूद, आम जनता की सुविधा और जनहित को सर्वोपरि मानते हुए नगर निगम ने स्वयं के स्तर पर तरणताल को तुरंत संचालित करने का निर्णय लिया है, ताकि रीवा के नागरिकों को तैराकी की सुविधा बिना किसी व्यवधान के मिल सके।

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

प्रवेश हेतु दो प्रकार के पैकेज उपलब्ध

तरणताल में प्रवेश के लिए निगम ने बेहद पारदर्शी व्यवस्था लागू की है:
मासिक सदस्यता पैकेज:इसके लिए 2,500 प्रति व्यक्ति प्रति माह का शुल्क निर्धारित किया गया है, जो महीने के प्रारंभ में Advance रूप से जमा करना अनिवार्य होगा। मासिक सदस्यों को प्रतिदिन एक बार और अधिकतम 1 घंटे तैरने की पात्रता होगी। समय सीमा समाप्त होने पर रिन्यूअल न कराने की स्थिति में सदस्यता स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
दैनिक आगंतुक पैकेज:जो नागरिक नियमित रूप से नहीं आना चाहते, वे 100 प्रति व्यक्ति प्रति घंटे का शुल्क देकर प्रवेश ले सकते हैं। दैनिक आगंतुकों को प्रत्येक पाली के लिए अनिवार्य रूप से अभिस्वीकृति प्रपत्र भरना होगा।

दिनभर में तीन सत्र; एक समय में केवल 30 को प्रवेश

तरणताल का संचालन प्रतिदिन तीन अलग-अलग सत्रों में किया जाएगा। अनुशासन और पानी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रत्येक सत्र में एक समय पर अधिकतम 30 व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा:
प्रातःकालीन सत्र:सुबह 06:00 बजे से 10:00 बजे तक (सभी आगंतुकों के लिए)
महिला विशेष सत्र: शाम 05:00 बजे से 06:00 बजे तक (केवल महिलाओं के लिए आरक्षित; पुरुषों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित)
सायं कालीन सत्र:शाम 06:00 बजे से रात 08:00 बजे तक (सभी आगंतुकों के लिए)

taran tal news pic 3

सुरक्षा और नियम रहेंगे बेहद कड़े

नगर निगम ने तैराकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। हर सत्र में प्रशिक्षित लाइफगार्ड एवं स्विमिंग कोच मुस्तैद रहेंगे। इसके साथ ही कुछ अनिवार्य शर्तें लागू की गई हैं

पहचान एवं आयु सत्यापन: प्रवेश के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, अंकसूची या जन्म प्रमाण पत्र में से कोई एक शासकीय पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
बच्चों के लिए नियम: 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। 5 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों के साथ उनके माता-पिता या अभिभावक का तरणताल परिसर में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। 18 वर्ष से कम आयु के आवेदकों के फॉर्म पर माता-पिता के हस्ताक्षर जरूरी होंगे।

अनिवार्य तैराकी टेस्ट: नियमित मासिक सदस्यता लेने से पूर्व आवेदकों को 20 मीटर की दूरी तैरकर प्रारंभिक तैराकी परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। जिन आगंतुकों को तैरना नहीं आता, वे केवल चिन्हित उथले क्षेत्र शैलो जोन में ही रह सकेंगे, गहरे क्षेत्र में उनका जाना प्रतिबंधित रहेगा

स्वास्थ्य जांच: किसी भी प्रकार के संक्रामक रोग या स्वास्थ्य संबंधी समस्या से पीड़ित व्यक्ति को पूल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

डाइविंग पूल फिलहाल बंद: तकनीकी एवं सुरक्षा कारणों से वर्तमान में केवल स्विमिंग पूल का संचालन किया जाएगा। डाइविंग पूल आगामी आदेश तक पूरी तरह बंद रहेगा।

परिसर में अनुशासनहीनता पर होगी सख्त कार्रवाई

निगम प्रशासन ने साफ किया है कि तरणताल परिसर के भीतर मदिरापान, धूम्रपान, पान-तंबाकू का सेवन, थूकना या किसी भी प्रकार की गंदगी फैलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने पर सदस्यता तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी जाएगी। पूल में उतरने से पूर्व शावर  लेना अनिवार्य है तथा शरीर पर तेल या साबुन लगाकर पूल में उतरना वर्जित है। सदस्यता पहचान पत्र अहस्तांतरणीय (है, जिसका दुरुपयोग होने पर मेंबरशिप समाप्त कर दी जाएगी।

 

नगर निगम ने नागरिकों को यह भी सलाह दी है कि वे कीमती सामान, आभूषण, भारी नकदी या मोबाइल आदि परिसर में न लाएं; किसी भी प्रकार की चोरी या क्षति के लिए नगर निगम उत्तरदायी नहीं होगा।

निगम की अपील:नगर पालिक निगम रीवा ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे इस ग्रीष्मकालीन सौगात का भरपूर लाभ उठाएं और तरणताल के समस्त नियमों का पालन करते हुए अनुशासित एवं सुरक्षित तैराकी का आनंद लें।

Leave a Comment