Rewa news: रीवा। जिले के मनगवां थाना क्षेत्र के अतरैला में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ मामूली विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई पर पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया मगर पीड़ित ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने संडे का बहाना बताते हुए बोल दिया कि कल आना छुट्टी है तो एडमिट नहीं कर पाएंगे वहीं घायल की हालत में सुधार नहीं हुआ है उसकी हालत बिगड़ती जा रही है ।
घटना के संबंध में घायल की बेटी चंद्रकली पटेल ने बताया कि उसके पिता अपने घर में नवनिर्मित फर्श की पानी से तराई कर रहे थे। तराई के दौरान थोड़ा पानी बाहर बह गया, जिसे लेकर पड़ोस में रहने वाले उनके चचेरे भाई अनुसुइया पटेल ने विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पास पड़ा एक भारी पत्थर उठाकर उनके पिता के सिर पर दे मारा। हमले के बाद आरोपी ने उनका गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
परिजनों द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को तत्काल मनगवां थाने ले जाया गया, जहाँ से पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए रीवा रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता रहा है। और उनकी निजी आराजी पर कब्जा करना चाहता है। पुलिस ने मामले की शिकायत ले ली है ।पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्यवाही की मांग की है।
