Rewa news: लतियार गाव में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट
Rewa news: रीवा के सेमरिया थाना अंतर्गत ग्राम लटियार में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना से डरे-सहमे पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लटियार निवासी रामभवन मिश्रा ने शिकायत में बताया कि 4 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे गांव के ही राजभान मिश्रा, राजनायक मिश्रा, प्रीति, जया, रेशमा, ज्योति, प्रंशु और शैलू मिश्रा ने पुरानी रंजिश के चलते उनके घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि सभी आरोपी लाठी, डंडा और फरसा लेकर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौज की। शोर मचाने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
विवाद का मुख्य कारण एक शादी का टूटना बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने एक विवाह तय कराया था, जिसके टूटने के बाद से आरोपी पक्ष रंजिश रखने लगा और इसी विवाद के चलते घर पर हमला किया गया।
पीड़ित परिवार ने सेमरिया पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने केवल एक आरोपी के खिलाफ ही केस दर्ज किया है, जबकि हमला करने में 9 लोग शामिल थे। घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार परिवार को धमका रहे हैं। पीड़ितों ने एसपी से निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों पर मामला दर्ज करने की मांग की है।
