मेरठ हत्याकांड : ड्रम में लाश छिपाने वाली मुस्कान और प्रेमी की कोर्ट में पेशी, परिजनों ने कहा- ‘हमें सिर्फ फांसी चाहिए’
मेरठ हत्याकांड: उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए चर्चित ‘सौरा मर्डर केस’ ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। अपने पति सौरभ की निर्मम हत्या कर लाश के टुकड़े ड्रम में छिपाने वाली आरोपी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया। पेशी के दौरान मृतक सौरभ के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपियों के लिए सरेआम फांसी की सजा की मांग की।
मेरठ के इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। आरोपी मुस्कान पर आरोप है कि उसने अपने अवैध संबंधों के चलते प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उन्होंने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं और सौरभ की लाश के टुकड़े-टुकड़े कर उन्हें एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में भर दिया।
अदालत में पेशी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर में पुलिस के कड़े इंतजाम किए गए थे। जैसे ही मुस्कान और साहिल को लाया गया, वहां मौजूद मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया। कानूनी जानकारों का मानना है कि पुलिस द्वारा जुटाए गए पुख्ता सबूतों के आधार पर दोनों को जल्द ही कड़ी सजा सुनाई जा सकती है।
परिजनों का छलका दर्द: “पूरा घर बर्बाद कर दिया
कोर्ट के बाहर सौरभ की मां और अन्य परिजनों ने बिलखते हुए न्याय की गुहार लगाई। परिजनों ने कैमरे के सामने अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा हमें कुछ नहीं चाहिए, बस हत्यारों को फांसी होनी चाहिए। मुस्कान ने हमारा हंसता-खेलता घर उजाड़ दिया। ऐसी औरत को समाज में रहने का कोई हक नहीं है, जिसने अपने पति को ही खत्म कर दिया।
परिजनों ने मुस्कान पर आरोप लगाया कि वह न केवल हत्यारिन है बल्कि समाज के अन्य युवाओं को भी गुमराह कर रही है। घर वालों का कहना है कि मुस्कान के इस कदम से उनकी सामाजिक और पारिवारिक स्थिति पूरी तरह बिखर गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में चार्जशीट और गवाहों के बयान काफी मजबूत हैं। ड्रम में मिली लाश और फॉरेंसिक साक्ष्य सीधे तौर पर मुस्कान और साहिल की ओर इशारा करते हैं। मेरठ पुलिस इस मामले में फास्ट ट्रैक पैरवी की कोशिश कर रही है ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
