Rewa news: रीवा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पुराना बस स्टैंड पर गुरुवार दोपहर करीब 1:45 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब ऑटो में सवार एक महिला यात्री का पर्स चोरी कर भाग रही महिला चोर को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसकी एक अन्य महिला साथी चकमा देकर फरार होने में कामयाब रही।
ऑटो में जबरन घुसकर दिया वारदात को अंजाम
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला रेलवे स्टेशन से ऑटो में सवार होकर पुराना बस स्टैंड की ओर आ रही थी। ऑटो में पहले से दो सवारियां बैठी हुई थीं। जैसे ही ऑटो पुराना बस स्टैंड के पास पहुंचा, तभी दो संदिग्ध महिलाएं जबरन ऑटो में सवार होने लगीं। इसी छीना-झपटी और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर एक महिला चोरनी ने पीड़ित सवारी का पर्स पार कर दिया।
पीछे आ रहे ऑटो चालक ने दिखाई सतर्कता
वारदात के दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ऑटो चालक की नजर चोरनी की इस करतूत पर पड़ गई। उसने तुरंत शोर मचाया और तत्परता दिखाते हुए महिला चोर को रंगे हाथों धर दबोचा। हालांकि, मौका देखकर उसकी दूसरी साथी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी ऑटो चालक ने मीडिया को बताया, “मैं रेलवे स्टेशन से सवारी लेकर बस स्टैंड आ रहा था। जैसे ही हम स्टैंड पहुंचे, दो महिलाएं जबरदस्ती ऑटो में घुसने लगीं और अंदर बैठी महिला का पर्स निकाल लिया। गनीमत रही कि समय रहते ध्यान चला गया और चोरनी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस हिरासत में पूछताछ जारी
घटना की सूचना तुरंत सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला चोरनी को हिरासत में ले लिया ।
सिविल लाइन पुलिस आरोपी महिला को थाने ले आई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार महिला साथी की तलाश में जुटी है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
