Rewa news; ब्यूरो ; उमेश सिंह- रीवा जिले के बिछिया थाना अंतर्गत रीठी गांव से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद गंभीर तस्वीर सामने आ रही है। क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार इस कदर पैर पसार चुका है कि अब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह लाचार नजर आ रहा है। आरोप है कि रीठी गांव का कुख्यात अवैध शराब माफिया भाऊ कोल बिछिया पुलिस और आबकारी विभाग की नाक के नीचे धड़ल्ले से अपना अवैध कारोबार चला रहा है, और कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं की जा रही हैं।
पहले आगे से बेचता था, अब पीछे से बेचूंगा” – माफिया का खुला चैलेंज
सोशल मीडिया पर इस शराब माफिया का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिसिया इकबाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में आरोपी भाऊ कोल खुलेआम कानून को चुनौती देते हुए कह रहा है मैं ही पहले घर के सामने से अवैध शराब बेच रहा था, अब मैं घर के पीछे से अवैध शराब बेच रहा हूं। कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
इस तरह का सरेआम चैलेंज यह साफ बयां करता है कि माफिया के दिल में न तो खाकी का खौफ है और न ही कानून का डर।
आबकारी और पुलिस की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल
स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों का साफ कहना है कि बिछिया पुलिस और आबकारी विभाग की कथित ‘मेहरबानी’ और शह के बिना यह संभव ही नहीं है।
बार-बार वायरल वीडियो, फिर भी चुप्पी: यह कोई पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र से अवैध शराब बिक्री का वीडियो सामने आया है। अनेक बार वीडियो वायरल होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
सिर्फ कागजी कार्रवाई:
ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी दबाव बढ़ता है, तो पुलिस महज दिखावे की कार्रवाई करके ठंडे बस्ते में बैठ जाती है। कोई ठोस या कड़ी कानूनी कार्रवाई न होने के कारण ही भाऊ कोल का मनोबल दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
