Safe Click:; मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान के तहत रीवा पुलिस लगातार आमजन को जागरूक करने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज सोमवार को एसबीआई बैंक परिसर में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में थाना अमहिया प्रभारी शिवा अग्रवाल, अमहिया थाना पुलिस स्टाफ एवं एसबीआई बैंक प्रबंधक अवंतिका पालीवाल ने बैंक पहुंचे ग्राहकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान लोगों को ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, साइबर बुलिंग, फेक जॉब ऑफर, डेटा चोरी, हैकिंग और निवेश के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
साथ ही किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते और एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत करने की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों एवं बैंक प्रबंधक ने सरल भाषा में जवाब दिया। अंत में रीवा पुलिस ने सभी नागरिकों से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार, मित्रों व आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
