Abhaymishra: रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर प्रदेश की सत्तारूढ़ राजनीति और जिला स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ‘राजनीति में सुचिता’ की दुहाई देने वाले नेताओं की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निजी हमलों की गंदी राजनीति को बेनकाब करने की बात कही।
“दूसरों को नसीहत देने वाले खुद के गिरेबान में झांकें”
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
पत्रकारों से रूबरू होते हुए विधायक अभय मिश्रा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राजनीति में नैतिकता और आदर्शों की बातें की जा रही हैं, लेकिन हकीकत यह है कि दूसरों पर उंगली उठाने वाले खुद का आकलन नहीं करते।
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विरोधियों द्वारा युवा कार्यकर्ताओं के कंधों पर बंदूक रखकर निजी व पारिवारिक टिप्पणियां कराई जा रही हैं। भावुक होते हुए विधायक ने बताया, “मेरी माता जी के निधन वाले दिन ही विरोधी पार्टी के मीडिया विंग से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर बेहद शर्मनाक और आपत्तिजनक बातें लिखी थीं।
यह किस तरह की सुचिता और राजनीति है?”
संजय गांधी अस्पताल और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर उठाया सवाल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं पर बात करते हुए अभय मिश्रा ने रीवा के प्रतिष्ठित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर चिंता जाहिर की।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में पदस्थ कई डॉक्टर अपनी मूल जिम्मेदारियों को छोड़कर निजी प्राइवेट अस्पतालों और क्लीनिकों के संचालन में व्यस्त हैं। जब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री खुद रीवा से आते हैं और अस्पताल उनके अपने क्षेत्र में है, तब भी ऐसी अव्यवस्था का होना बेहद निराशाजनक है।
आगामी विधानसभा सत्र में गूंजेगा मुद्दा
विपक्ष की भावी रणनीति के सवाल पर विधायक ने स्पष्ट किया कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के निर्देशानुसार रीवा की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों पर हो रहे अनैतिक हमलों का मुद्दा आगामी विधानसभा सत्र में पूरी मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े इन बुनियादी सवालों पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
