Sidhi news:सीधी-: जनजातीय कार्य विभाग, सीधी में लिपिक के पद पर पदस्थ रहे शिवेंद्र सिंह 30 सितंबर 2026 को अपनी 42 वर्ष 7 माह की दीर्घ सेवाएं पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। उनके सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में रविवार को सीधी के इंद्राराज पैलेस में सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में शिवेंद्र सिंह के लंबे सेवाकाल और विभाग के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान उनके सहकर्मियों ने उनके कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके सहयोगी एवं सरल व्यक्तित्व की सराहना की।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय संयोजक पी.के. पांडेय, एस.एन. द्विवेदी, पी.पी. सिंह, एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य रामपाल सिंह, शिक्षा संघ के जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार मिश्रा सहित अधीक्षक, अधीक्षिका एवं बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।
अतिथियों ने शिवेंद्र सिंह को उनके सफल सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासकीय सेवा में लंबे समय तक पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके सेवाकाल के अनुभव और कार्य के प्रति समर्पण सहकर्मियों के लिए प्रेरणादायी रहेंगे।
समारोह के दौरान शिवेंद्र सिंह का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान के साथ अभिनंदन किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं मंगलमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
42 वर्ष 7 माह की सेवा के बाद मिली विदाई के इस अवसर पर माहौल भावुक हो उठा। सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने शिवेंद्र सिंह के साथ बिताए सेवाकाल को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

