Rewa news: रीवा। जिले की सेमरिया थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक बड़ी सफलता हासिल की है। दुष्कर्म (पॉक्सो एक्ट) और लूट के दो अलग-अलग मामलों में पिछले दो वर्षों से लगातार फरार चल रहे 12 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर सेमरिया पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
विवेचना के दौरान पुलिस ने अपहृता को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके बयान दर्ज किए। बयानों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पीड़िता को बहला-फुसलाकर ले गया था और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया था। इसक बाद मामले में बीएनएस की धारा 65(1), 87 और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 5/6 बढ़ाई गई।
कुल ₹12,000 का था इनाम
घटना के बाद से ही आरोपी लगातार अपनी पहचान छुपाकर फरार चल रहा था।
- दुष्कर्म मामला: पुलिस अधीक्षक रीवा द्वारा आरोपी पर ₹7,000 का इनाम घोषित किया गया था।
- लूट मामला: लूट के एक अन्य दर्ज प्रकरण में भी आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित था।
इस प्रकार आरोपी पर कुल ₹12,000 की इनामी राशि घोषित थी।
विशेष टीम ने ऐसे दबोचा
रीवा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन एवं एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। सटीक मुखबिर सूचना और लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान:
- नाम: संजीव सिंह उर्फ भोले
- पिता का नाम: दिलीप सिंह
- उम्र: 25 वर्ष
- निवासी: ग्राम मरैला, थाना सिरमौर, जिला रीवा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल, एएसआई रामशिरोमणि सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक प्रमोद अग्निहोत्री, आरक्षक विक्रम वर्मा, आरक्षक शिवम सिंह एवं आरक्षक शुभवंत मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
