Mauganj news; मऊगंज जिले के ग्राम शिवराजपुर में स्थित भगवान शिव का प्राचीन मंदिर न केवल ग्राम की धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। लगभग 500 वर्ष पुराने इस मंदिर में वर्षों से ग्रामवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा जुड़ी रही है। अनेक पीढ़ियों ने इस पावन धाम में भगवान भोलेनाथ की आराधना कर अपने जीवन को धन्य बनाया है।
समय के साथ मंदिर का स्वरूप अत्यंत जीर्ण-शीर्ण हो गया था। मंदिर की दीवारें गर्भगृह एवं अन्य निर्माण कार्यों को संरक्षण और पुनर्निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ग्रामवासियों ने मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए वर्षों तक विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों प्रशासनिक अधिकारियों तथा अनेक सामाजिक संस्थाओं से संपर्क स्थापित किया गया किंतु इन प्रयासों के बावजूद मंदिर के जीर्णोद्धार की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
ग्राम शिवराजपुर के लोगों ने कभी अपनी आस्था को कमजोर नहीं होने दिया। गाँव के वरिष्ठ नागरिकों युवाओं महिलाओं एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने समय-समय पर मंदिर के संरक्षण की माँग उठाई और प्रशासनिक तथा राजनीतिक स्तर पर लगातार प्रयास करते रहे। वर्षों की प्रतीक्षा और निराशा के पश्चात अंततः ग्रामवासियों ने थक हारकर यह निश्चय किया कि भगवान शिव के इस प्राचीन धाम का जीर्णोद्धार अब स्वयं ग्राम के लोग मिलकर करेंगे।
इसी संकल्प के साथ ग्रामवासियों ने एकजुट होकर मंदिर के पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ किया। आज जनसहयोग सामूहिक प्रयास और श्रद्धालुओं के योगदान से यह पुनीत कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। गाँव के लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार तन मन और धन से इस महान कार्य में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। किसी ने आर्थिक सहयोग दिया है तो किसी ने श्रमदान के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
मंदिर का यह जीर्णोद्धार केवल पत्थरों और दीवारों का पुनर्निर्माण नहीं है बल्कि यह ग्रामवासियों की आस्था एकता समर्पण और भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट भक्ति का सजीव उदाहरण है। यह कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है। ग्रामवासियों का मानना है कि यह मंदिर सदियों से क्षेत्रवासियों की श्रद्धा और विश्वास का केंद्र रहा है और आने वाले समय में भी यह लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संदेश देता रहेगा। मंदिर के जीर्णोद्धार से न केवल इसकी भव्यता और गरिमा में वृद्धि होगी बल्कि क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को भी नई पहचान मिलेगी।ग्राम शिवराजपुर के समस्त नागरिकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं सामाजिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस पुण्य एवं ऐतिहासिक कार्य में सहभागी बनें तथा अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग प्रदान कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
