Viral video; वारदात के बाद 270 किमी भागा आरोपी चालक जबलपुर के पास गिरफ्तार, जैन समाज ने जताई गहरी साजिश की आशंका; 25 मई को देशव्यापी बंद का आह्वान, रीवा के स्थानीय कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने बीते बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां अपने धार्मिक नियमों के तहत सड़क किनारे पैदल जा रही तीन जैन साध्वियों को एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक साध्वी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरी साध्वी की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत साध्वियों की पहचान पूज्य श्रुति मति माता जी और उपसमिति माता जी के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों ने सक्रियता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल साध्वियों को तुरंत संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने श्रुति मति माता जी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उपसमिति माता जी ने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। तीसरी साध्वी आर्यिका माता जी की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और वे सघन चिकित्सा कक्ष (ICU) में उपचाराधीन हैं। दिवंगत साध्वियों का अंतिम संस्कार बुधवार शाम को ही रीवा में गमगीन माहौल में कर दिया गया।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
जबलपुर में धराया ड्राइवर
हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक ने इंसानियत को दरकिनार कर गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी ड्राइवर, जिसकी पहचान रशीद आबाद अली शाह के रूप में हुई है, वारदात के बाद रीवा से करीब 270 किलोमीटर दूर भाग चुका था। रीवा पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर सक्रिय हुई जबलपुर की बरगी पुलिस ने बहोरीपार टोल नाके पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी तुरंत हरकत में आ गया। कमिश्नर बीएस जामोद, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरण सिंह ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर घायल साध्वी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और घटनास्थल का मुआयना कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इधर, इस खौफनाक घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जैन समाज सहित पूरे संत समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि साध्वियां बेहद अनुशासित ढंग से सड़क के कोने पर चल रही थीं, तभी पीछे से आई कार ने उन्हें सीधे अपनी चपेट में ले लिया।
