Sidhi news:विधानसभा क्षेत्र सिहावल में स्वीकृत सभी निर्माण व विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराएं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता से कराएं जिससे हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उक्त आशय के विचार सिहावल विधायक श्री विश्वामित्र पाठक ने जनपद सभागार मेंआयोजित समीक्षा बैठक के दौरान व्यक्त किए। दिनांक 14.10. 2026 को जनपद सभागार सिहावल में विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक श्री विश्वामित्र पाठक विधायक सिहावल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। बैठक में सभी विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा हुई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान बिगड़े हैंडपंपों का सुधार तत्परता से कराने के लिए कहा गया।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
नलजल का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय सीमा में पूरा करे तथा योजना पूरा होने के बाद ही पंचायत को हैंडओवर करें।जल निगम की समीक्षा में पाइप लाइन एवं टंकी निर्माण का कार्य में गुणवत्ता एवं शीघ्रता से कराने के लिए निर्देशित किया गया। जनपद की समीक्षा में सभी पात्र व्यक्तियों को आवास दिलाने एवं निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण पूर्ण ढंग से समयसीमा में पूरा कराने के लिए कहा गया ।नवीन स्वीकृत,प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की जानकारी ली गई ,पूर्ण कार्यों का लोकार्पण कराने के लिए कहा गया।लंबे समय से अधूरे पड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के लिए कहा गया।सभी अस्पतालों, आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था कराने के लिए कहा गया । अस्पतालों में एंबुलेंस एवं शव वाहन के सुचारू संचालन हेतु वाहन चालक की व्यवस्था करने के लिए कहा गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा में रात्रि में निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने के लिए कहा गया।निर्माण एजेंसियों पी डब्लू डी, आर ई एस,प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क के अधिकारियों को मार्ग निर्माण के कार्य गुणवत्ता पूर्ण ढंग से समय सीमा में पूर्ण कराने एवं पूर्ण कार्यों का लोकार्पण कराने के लिए कहा गया । कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को रबी फसलों के बीज की समय पर व्यवस्था कर किसानों को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान पाठ्य पुस्तक,गणवेश,एवं सायकल का वितरण की समीक्षा की गई।आजीविका मिशन की के कार्यों की समीक्षा के दौरान हितग्राहीमूलक कार्यों से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभांवित करने के लिए कहा गया।बैठक में अवारा पशुओं की समस्या के लिए चरवाहों की व्यवस्था सहित सेवा संकल्प अभियान के प्रगति की समीक्षा की गई। जल संसाधन विभाग को बाणसागर नहर में पानी चालू कराने के लिए कहा गया।
मुख्य अतिथि श्री विश्वामित्र पाठक विधायक सिहावल ने खंड स्तरीय अधिकारियों से योजनाओं का क्रियान्वयन तत्परता से करने एवं पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने तथा निर्माण कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए कहा।
समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से एसडीएम राकेश शुक्ला, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय सहित खंड स्तरीय विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

