Rewa News: रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में लापरवाही बरतने वाले दो समिति व्यवस्थापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनका वेतन रोकने तथा निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित करने का नोटिस भी जारी किया गया है। समिति व्यवस्थापकों द्वारा धान खरीदी केंद्र पर समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी।

Also Read: रीवा के एक नहर में दिखी ‘एलियन’ जैसी रहस्यमई रोशनी,वीडियो हुआ वायरल,जानिए क्या है पूरी सच्चाई देखें VIDEO

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के प्रावधान के तहत यह कार्रवाई की गई है। कलेक्टर ने समिति व्यवस्थापक विकासखंड जवा विकास माथे तथा समिति व्यवस्थापक त्योंथर अमरीश देव बघेल को नोटिस जारी किया है। खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था तथा किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी किया गया है। जिले भर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य चल रहा है।

ऐसे में किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को उनकी उपज का अधिकतम मूल्य दिलाने के लिए जिले भर में बनाए गए 92 खरीदी केंद्रों में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है।

जिले में अब तक 15387 किसानों से 979544 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य अधिकारी पीके पांडेय ने बताया कि अब तक की गई खरीदी के लिए किसानों को 225 करोड़ 30 लाख 24 हजार 904 रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

किसान अपनी सुविधानुसार स्लॉट बुक कर खरीदी केंद्र और खरीदी का समय निर्धारित कर समर्थन मूल्य पर धान दे सकते हैं। अब तक 38 हजार 410 किसानों ने खरीदी के लिए स्लॉट बुक करा लिए हैं। किसान धान को सुखाकर और साफ करके ही खरीदी केंद्रों पर लाएं। ताकि गुणवत्ता को लेकर धान खरीदी में कोई परेशानी न हो।