एमपी का इश्कबाज ऑफिसर: महिला इंजीनियर को देर रात घर बुलाने की कोशिश
उज्जैन नगर निगम में महिला इंजीनियर से छेड़छाड़ का मामला ऑडियो और चैटिंग वायरल महिला ने देर रात घर बुलाने को लेकर कर दी शिकायत;
MP News: मध्यप्रदेश के उज्जैन में नगर निगम के एक वरिष्ठ इंजीनियर पर महिला इंजीनियर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला इंजीनियर ने नगर निगम आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपते हुए संविदा कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव पर छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए हैं। शिकायत के साथ तीन ऑडियो क्लिप्स और वॉट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट भी पेश किए गए हैं, जिनमें भार्गव की आपत्तिजनक हरकतें रिकॉर्ड बताई जा रही हैं।
ऑडियो क्लिप्स और चैट से खुलासा
शहर में बीते कुछ दिनों से इस घटना को लेकर चर्चाएं गर्म थीं। रविवार को वॉट्सऐप चैट और ऑडियो क्लिप्स वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। इन ऑडियो में नगर निगम के अन्य अधिकारी भी महिला इंजीनियर पर भार्गव के घर जाने का दबाव डालते सुनाई दे रहे हैं।
ऑडियो क्लिप में क्या है?
1. पहली ऑडियो क्लिप – इसमें उपयंत्री मुकुल मेश्राम महिला इंजीनियर को रात में भार्गव के घर जाने के लिए कह रहे हैं। वे यह तर्क देते हैं कि अगले दिन भोपाल में मुख्यमंत्री की बैठक है और कुछ ज़रूरी फाइलों को पूरा करना है। जब महिला इंजीनियर इस पर ऐतराज जताती हैं, तो उन्हें समझाने की कोशिश की जाती है कि कोई डरने की बात नहीं है।
2. दूसरी ऑडियो क्लिप – इसमें सहायक यंत्री मनोज राजवानी भी महिला इंजीनियर से भार्गव के घर आने की बात कर रहे हैं। महिला इंजीनियर रात में जाने में असमर्थता जताती हैं, लेकिन अधिकारी दबाव डालते सुनाई देते हैं।
नगर निगम की प्रतिक्रिया
नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक ने इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि महिला इंजीनियर की शिकायत मिली है और इस पर जांच की जा रही है। नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और कार्रवाई की मांग
ऑडियो वायरल होने के बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया है। उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र गब्बर कुंवाल ने इस कृत्य को बेहद अशोभनीय करार दिया। उनका कहना है कि महिला कर्मचारी को रात में घर बुलाना न केवल अनैतिक है, बल्कि कार्यस्थल की गरिमा के खिलाफ भी है।
गौरतलब है कि पीयूष भार्गव की संविदा नियुक्ति हाल ही में महापौर मुकेश टटवाल द्वारा बढ़ाई गई थी। अब इस विवाद के चलते सोमवार को होने वाली एमआईसी बैठक में उनकी संविदा नियुक्ति पर पुनर्विचार किया जा सकता है।
महिला कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर निगम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़िता को न्याय मिलता है या नहीं।