Sidhi news:सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 233 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
सीधी कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। साथ ही आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन प्रकरणों का निराकरण संभव नहीं है अथवा जिन आवेदनों को निरस्त किया जाता है, उनमें उसके कारणों की स्पष्ट जानकारी संबंधित आवेदक को दी जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सौम्या आनंद ने भी जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न प्रकरणों में की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

