Rewa news: अस्पताल परिसर में बिना अनुमति जांच करने पहुंचे लोगों का विरोध, पुलिस ने कार्रवाई कर हटाया
प्रशासन का सख्त रुख: लाइसेंस और दस्तावेजों की जांच का अधिकार केवल अधिकृत स्वास्थ्य अधिकारियों के पास, कानून हाथ में लेने पर होगी कार्रवाई
रीवा के निजी अस्पताल परिसर में उस समय भारी हंगामा और गहमागहमी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब लगभग 10 लोगों का एक समूह बिना किसी पूर्व अनुमति अथवा प्रशासनिक अधिकार के अस्पताल में प्रवेश कर गया। यह समूह अस्पताल के लाइसेंस, डॉक्टरों की डिग्रियों एवं अन्य प्रशासनिक दस्तावेजों की जांच की मांग को लेकर परिसर में ही विरोध प्रदर्शन करने लगा।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
Rewa news: मरीजों को हुई असुविधा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
अस्पताल परिसर में अचानक हुए इस हंगामे के कारण भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिटी अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और महिला पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिदायत दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में इस प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करना पूरी तरह से गैर-कानूनी है। जब प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी कार्रवाई की और सभी प्रदर्शनकारियों को अस्पताल परिसर से बाहर निकाल दिया।
Sdm अनुराग तिवारी ने जानकारी देते हुए बताये की अस्पताल मरीजों के इलाज का स्थान है। किसी को भी कानून हाथ में लेकर स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा डालने या अनधिकृत जांच करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।” किसी भी पंजीकृत या निजी अस्पताल के दस्तावेज, डॉक्टरों की योग्यता अथवा संचालन संबंधी लाइसेंस जांचने की एक निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया होती है।
अधिकारियों ने कहा कि कोई भी आम नागरिक या संगठन स्वतः संज्ञान लेकर किसी अस्पताल की जांच नहीं कर सकता। यदि किसी व्यक्ति या संस्था को अस्पताल प्रबंधन या डॉक्टरों की योग्यता के संबंध में कोई संदेह या शिकायत है, तो वे इसकी लिखित शिकायत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अथवा जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष दर्ज करा सकते हैं। जांच का अधिकार केवल गठित स्वास्थ्य समिति के पास ही सुरक्षित है।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
