Rewa news: कलेक्टर ने दो लापरवाह अधीक्षकों की रोकी वेतनवृद्धि
Rewa news: कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने दो लापरवाह अधीक्षकों की दो वार्षिक वेतन वृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश दिए हैं। जारी अलग-अलग आदेशों में अनुसूचित जनजाति कन्या आश्रम फूल की अधीक्षिका मैनाबाई साकेत एवं अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम लालगांव के अधीक्षक गणेश प्रसाद शुक्ला की वेतन वृद्धियाँ रोकने की कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में कलेक्टर ने बताया है कि कन्या आश्रम फूल का निरीक्षण करने पर श्रीमती साकेत बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाई गईं तथा संस्था में ताला बंद पाया गया। इसी तरह बालक आश्रम लालगांव के आकस्मिक निरीक्षण में अधीक्षक श्री शुक्ला बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
इसे गंभीर कदाचारण तथा कर्तव्यों के प्रति लापरवाही मानते हुए इन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया। नोटिस का संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत की गई है।
