Mp news: सिंगरौली में दिनदहाड़े सनसनीखेज बैंक डकैती: कट्टे की नोक पर 5.75 करोड़ का सोना और 20 लाख कैश पार
Mp news: औद्योगिक जिले सिंगरौली के बैढ़न कस्बे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नकाबपोश बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र में घुसकर दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। महज 20 मिनट के भीतर 5 हथियारबंद लुटेरों ने बैंक स्टाफ और ग्राहकों को बंधक बनाकर करीब 5.75 करोड़ रुपये का सोना और 20 लाख रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए।
फिल्मी अंदाज में आए लुटेरे, 20 मिनट में वारदात खत्म
डकैती की सूचना पाकर पहुंचे मध्य प्रदेश से डीजीपी कैलास मकवाना ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12:50 से 1:10 बजे के बीच की है। लुटेरों ने बहुत ही शातिर तरीके से बैंक के भीतर प्रवेश किया। उन्होंने बाहर का मुख्य चैनल गेट बंद नहीं किया ताकि बाहर से किसी को शक न हो। अंदर घुसते ही बदमाशों ने कट्टे निकाल लिए और वहां मौजूद स्टाफ और ग्राहकों को डरा-धमकाकर एक तरफ बैठा दिया। लुटेरों ने बेहद सामान्य व्यवहार किया ताकि बैंक के अंदर आने वाले नए ग्राहकों को भी भनक न लगे और वे उन्हें भी बंधक बनाते गए।
सुरक्षा में बड़ी चूक: बिना गार्ड के चल रहा था बैंक
इस बड़ी वारदात ने बैंक आफ महाराष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र की इस शाखा में एक भी सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर बदमाश आसानी से अंदर घुसे और करोड़ों का माल समेट कर ले गए।
छत्तीसगढ़ की ओर भागे लुटेरे, पुलिस अलर्ट पर
वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर छत्तीसगढ़ की दिशा में फरार हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के आला अधिकारियों के साथ-साथ भोपाल से भी टीम सक्रिय हो गई है। DGP ने बताया कि वे स्वयं छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के DGP के संपर्क में हैं।
पुलिस की कार्रवाई और तकनीकी सुराग
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों के हुलिए और मोटरसाइकिलों के महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। सीआईडी (CID) और एसटीएफ (STF) की टीमें भी इस मामले में जुट गई हैं। हालांकि, स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, लेकिन DGP ने भरोसा जताया है कि तकनीकी सहायता और अंतर्राज्यीय समन्वय के जरिए आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस इसे एक प्रोफेशनल गैंग की करतूत मान रही है। पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
