Mp results: रीवा की बेटियों ने रचा इतिहास: एमपी बोर्ड की टॉप-10 सूची में साक्षी, महक और अनुष्का ने बनाई जगह
Mp result: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में एक बार फिर बेटियों का दबदबा देखने को मिला है। रीवा जिले के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मार्तंड क्रमांक-1 की तीन छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। टॉपर्स की इस सूची में साक्षी, महक और अनुष्का शर्मा शामिल हैं, जिन्होंने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया कि सरकारी स्कूलों में भी बेहतर शिक्षा और सही मार्गदर्शन से बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
अनुष्का और महक का कॉमर्स में जलवा
कॉमर्स संकाय की छात्रा अनुष्का शर्मा ने प्रदेश में आठवीं रैंक हासिल की है। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए अनुष्का ने बताया कि उन्होंने हर विषय के कॉन्सेप्ट को गहराई से समझा और लगातार अभ्यास किया। वह भविष्य में cat की परीक्षा देकर बिजनेस मैनेजमेंट के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं। वहीं, इसी संकाय की महक कुशवाहा ने प्रदेश में 10वीं रैंक प्राप्त की है। महक का लक्ष्य चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित पढ़ाई को दिया है।
किसान की बेटी साक्षी बनेगी डॉक्टर
टॉपर्स की सूची में शामिल साक्षी की कहानी बेहद प्रेरणादायक है। एक साधारण किसान परिवार से आने वाली साक्षी ने प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जगह बनाकर यह दिखा दिया कि मेहनत के आगे संसाधन छोटे पड़ जाते हैं। साक्षी भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने एक्स्ट्रा क्लास लेकर उनकी पढ़ाई में मदद की और परिवार ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया.
शासकीय विद्यालयों का बढ़ता मान
परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यालय में उत्सव का माहौल रहा। छात्राओं का कहना है कि यह धारणा गलत है कि निजी स्कूलों में ही बेहतर पढ़ाई होती है। मार्तंड क्रमांक-1 जैसे शासकीय स्कूलों में शिक्षकों का पूरा सहयोग मिलता है, जो छात्रों की हर शंका को दूर करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। अब वह समय बीत चुका है जब छात्र केवल पास होने के लिए पढ़ते थे, आज के छात्र मेरिट में आने के लक्ष्य के साथ कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस गौरवशाली उपलब्धि पर स्कूल के शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
